हिमाचल प्रदेश, 8 फरवरी:
प्रयागराज महाकुंभ में शाही स्नान कर लौट रहे हिमाचल प्रदेश के चढ़ियार क्षेत्र के श्रद्धालु एक सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य घायल हो गए। मृतकों की पहचान डोली गांव की 60 वर्षीय निर्मला देवी (गुड्डी देवी) पत्नी प्रीतम राणा और 50 वर्षीय सुरेंद्र राणा पुत्र कपूर चंद्र के रूप में हुई है। सुरेंद्र राणा चढ़ियार क्षेत्र से एक समाचार पत्र के पत्रकार भी थे।
घायलों में अशोक शर्मा, सुदेश कुमारी, जीवनी देवी, रक्षा देवी, तांबा देवी, अंजना कुमारी, शीला रानी, अंजू (सुरेंद्र राणा की पत्नी), चंदी, सुनील कुमारी और कुसुमलता (अनिल की पत्नी) शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, चढ़ियार से लगभग 20 श्रद्धालु दो वाहनों में बुधवार को प्रयागराज महाकुंभ में स्नान के लिए रवाना हुए थे।
शनिवार सुबह करीब 6 बजे, जब श्रद्धालु घर लौट रहे थे, तभी प्रयागराज से लगभग 150 किलोमीटर दूर हमीरपुर जिले के बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के राठ क्षेत्र में उनकी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे का शिकार हुई गाड़ी में पत्रकार सुरेंद्र राणा आगे की सीट पर बैठे थे, जबकि निर्मला देवी पीछे बैठी थीं। दूसरी गाड़ी में छह अन्य श्रद्धालु सवार थे।
दुर्घटना की खबर जैसे ही चढ़ियार के डोली गांव पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों के परिजनों और स्थानीय लोगों में गहरा दुख देखा जा रहा है।