पंजाब, 25 जनवरी:
एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स ने मोहाली पुलिस के साथ मिलकर एक संयुक्त अभियान में लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ गिरोह के सदस्य महफूज उर्फ विशाल खान को गिरफ्तार किया है। महफूज सितंबर 2024 में डेराबस्सी स्थित एक आईलेट्स सेंटर पर फायरिंग की घटना का मुख्य साजिशकर्ता था और घटना के बाद से फरार चल रहा था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह ट्राइसिटी क्षेत्र में नई आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने की योजना बना रहा था। आरोपी का आपराधिक इतिहास पहले से ही दर्ज है और वह 2023 से गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के निर्देशों पर काम कर रहा था।
विशाल ने कुख्यात गैंगस्टर जोगिंदर उर्फ जोगा (एचआर) से हथियारों की खेप प्राप्त की थी। जोगा ने सिद्धू मूसेवाला हत्या मामले में शामिल अपराधियों को हथियार और अन्य मदद मुहैया कराई थी और उसे इस संबंध में पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने महफूज के पास से एक पिस्तौल और पांच कारतूस बरामद किए हैं।