जालंधर, 24 फरवरी:
थाना डिवीजन नंबर 6 की पुलिस ने एक पादरी की पत्नी के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले में चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सूत्रों के अनुसार, यह घटना फतेहगढ़ साहिब निवासी एक पादरी की पत्नी के साथ घटी। फिलहाल, पुलिस ने किसी को गिरफ्तार नहीं किया है।
पीड़िता ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि वह ईसाई समुदाय से संबंधित हैं और धर्म प्रचार के लिए अक्सर पंजाब के विभिन्न जिलों का दौरा करती हैं। इस दौरान उनके पति और अन्य लोग भी उनके साथ होते हैं। जालंधर के पास्टर फैरिस मसीह को वह पहले से जानती थीं और उनके साथ धार्मिक प्रचार में भी भाग ले चुकी थीं, जिसके चलते दोनों के बीच बातचीत होती रहती थी।
महिला ने आरोप लगाया कि उन्हें पास्टर फैरिस से कुछ पैसे लेने थे, जिसके लिए वह जालंधर आई थीं। इसी दौरान उनके साथ यह घटना घटी।
पीड़िता के अनुसार, जब वह फैरिस से मिलने जालंधर पहुंची, तो उसने आशीर्वाद देने के बहाने उनके सिर पर हाथ रखा, जिससे वह बेहोश हो गईं। जब उन्हें होश आया, तो उनके शरीर में दर्द था, जिससे उन्हें संदेह हुआ कि उनके साथ कुछ अनहोनी हुई है। इसके बाद उन्होंने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।